बीकानेर। शहर में लगातार बढ़ती गोलीबारी की घटना व शुक्रवार रात एक व्यापारी की हत्या के बाद शहर में तनाव के हालात है। भाजपा नेताओं के साथ कई संगठनों के लोगों ने सुबह 10 बजे ही मुख्यमार्ग पर बने कोटगेट क्षेत्र को बंद कर दिया। जिससे दोनों तरफ रास्ता जाम हो गया। वहीं, प्रदर्शन कर रहे लोगों ने टायर में आग लगा सड़क के बीच रख दिया।
शुक्रवार शाम पूगल रोड पर गिरिराज अग्रवाल नामक एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इससे पहले दो लोगों पर फायरिंग हो चुकी है। ऐसे में आक्रोशित लोगों ने आज सड़कों पर उतरकर विरोध जताया। करीब एक घंटे से जाम कोटगेट फाटक के कारण हजारों लोगों को रास्ता बदलकर निकलना पड़ा। इस दौरान पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया। कोटगेट के दोनों तरफ भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है। आला पुलिस अधिकारी भी इस दौरान मौके पर रहे।