आगरा। नए साल के पहले कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित कर दी। दृश्यता शून्य होने के कारण ट्रेनें रेंग-रेंग कर चलीं। इससे स्टेशन पर यात्रियों को ठंड में इंतजार करना पड़ा। शताब्दी सहित कई ट्रेनेंं एक घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची।
बुधवार को सुबह से घना कोहरा है। कोहरे का असर रेल यातायात पर पड़ा है। इसके चलते नई दिल्ली से भोपाल जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से एक घंटा 10 मिनट की देरी से सुबह 8.55 बजे कैंट स्टेशन पहुंची। इसी तरह पंजाब मेल अपने निर्धारित समय सुबह 7.58 बजे के बजाए तीन घंटा देरी से सुबह 11 बजे राजा मंडी स्टेशन पहुंची। इसके अलावा छत्तीसगढ़ और विशाखापट्टनम एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। ठंड में ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन पर ठंड बच्चों को और बुजुर्गों को परेशानी हो रही है।
आगरा कैंट-अहमदाबाद एक्सप्रेस में लगेगा अतिरिक्त कोच
रेलवे ने यात्रियों की सहूलियत के लिए कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने की व्यवस्था की है। इसमें दो ट्रेन आगरा की भी है। ट्रेन संख्या 02547 व 02548 आगरा कैंट-अहमदाबाद में 14 जनवरी से एसी तृतीय श्रेणी का एक कोच जोड़ा जा रहा है। अतिरिक्त कोच के जुड़ने से अधिक यात्री यात्रा कर सकेंगे। इसके अलावा ग्वालियर अहमदाबाद व कानपुर सेंट्रल-बांद्रा टर्मिनस में भी अतिरिक्त कोच जोडे़ जा रहे हैं।