नई दिल्ली, । राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जारी है और फिलहाल इससे राहत मिलने के कोई आसार भी नहीं दिख रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए उत्तर भारत में ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। एक तरफ जहां उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है तो दूसरी तरफ दक्षिण भारत में भारी बारिश के आसार हैं। चक्रवाती प्रभाव के कारण तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, कराईकल, केरल, माहे में अगले 2-3 दिन बारिश होने की संभावना है। राजधानी दिल्ली में आज सुबह न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की माने तो अभी ठंड और बढ़ेगी। न्यूनतम तापमान के गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। इसको देखते हुए उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के लिए ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक उप हिमालयी क्षेत्रों, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और दक्षिणी असम में भी कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग ने उत्तरी मैदानी क्षेत्रों के लिए अगले चार दिनों के लिए शीतलहर के पूर्वानुमान के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए भारी वर्षा के पूर्वानुमान के साथ ऐसा ही अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने 13-16 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यूपी में शीतलहर का भयंकर प्रकोप
पूरे यूपी में शीतलहर का प्रकोप जारी है। ठिठुरन वाली ठंड का इंतजार खत्म हो गया है। उत्तर पश्चिमी बर्फीली हवाओं ने अपना कमाल दिखा दिया है और यही वजह है कि यूपी के ज्यादातर शहरों में रात के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गयी है। प्रदेश के 10 शहरों में पारा 5 डिग्री सेल्सियस के नीचे गिर गया है। पूरब से लेकर पश्चिम तक ठंड का प्रकोप देखने को मिला है। दिन में तो थोड़ी राहत है, लेकिन, शाम ढलते ही गलन वाली ठंड बढ़ती जा रही है। ठंड का हाल ये है कि चुर्क, कानपुर, बरेली, मुजफ्फरनगर और रायबरेली तो नैनीताल और शिमला से भी ठंडे रहे। नैनीताल में 4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ जबकि शिमला में 5.7 डिग्री सेल्सियस लेकिन, इन शहरों में इनसे भी कम। इसके अलावा बाकी शहरों में भी तगड़ा ठंड पड़ रहा है। वाराणसी और झांसी में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले कुछ दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले कुछ दिन ठंड का ऐसा ही रूप देखने को मिलेगा। वैसे कोहरा सुबह सुबह होगा लेकिन, दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी निकल आएगी। इसकी वजह से जनजीवन उतना प्रभावित नहीं होगा लेकिन, शाम ढलते ही संभलने की जरूरत बतायी गयी है। अगले कुछ दिनों तक बारिश और बादलों के छाने की कोई संभावना नहीं जताई गयी है। बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही शीतलहर चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
श्रीनगर में पारा माइनस 7.8 पहुंचा, जम गई डल झील
घाटी में सर्दी लगातार बढ़ रही है। पहाड़ों पर बर्फबारी जारी है। श्रीनगर में बर्फबारी की वजह से ठंड बढ़ गई है। कश्मीर घाटी को शीतलहर ने जकड़ा है। पारा माइनस 7.8 डिग्री चला जाने की वजह से डल झील जम गई है। डल झील पर शिकारों का चलना कम हो गया है। सिर्फ काम के शिकारे ही चल पा रहे हैं, क्योंकि उन्हें झील पर जमे बर्फ के टुकड़े तोड़ने पड़ रहे हैं।
कश्मीर में भारी बर्फबारी से डल झील के हिस्से दो दिन पहले से ही जमने लगे थे। पारा माइनस 7.8 डिग्री तक जाने की वजह से ऊपरी सतह भी जम रहा है। इससे कश्मीर घाटी में तापमान घटता जा रहा है। लद्दाख में सिंधु नदी के पानी में कई जगह बर्फ के टुकड़े बहते हुए देखने को मिले।